–अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ओल्ड बॉयज एसोसिएशन का कानपुर में भव्य कार्यक्रम
कानपुर। अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के संस्थापक मरहूम सर सैयद अहमद खां की 209वीं जयंती के शुभ अवसर पर अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी ओल्ड बॉयज एसोसिएशन का एक भव्य कार्यक्रम शनिवार को मर्चेंट्स चैंबर हॉल में
‘सर सैयद डे’ के नाम से आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति लेफ्टिनेंट जनरल जमीर उद्दीन शाह (सेवानिवृत्त) उपस्थित रहे। अन्य विशिष्ट अतिथियों में शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स (बिदर, कर्नाटक) के राष्ट्रीय निदेशक डॉ. मुनीर अहमद तथा वरिष्ठ लेखक एवं प्रसिद्ध वक्ता डॉ. महताब आलम (भोपाल) शामिल हुए। इस अवसर पर स्मारिका (मैगजीन) का अनावरण मुख्य अतिथि ने किया। उच्च स्तरीय सामाजिक कार्य करने हेतु शहर के प्रसिद्ध समाजसेवी एवं उद्यमी डॉ. सुहेब अहसन, डॉ. मोहम्मद जमील, डॉ. अनिल जैन, इंजी. फुजैल उर रहमान, डॉ. महमूदुल्ला रजी, डॉ. आशिक हुसैन व इंजीनियर एफयू रहमान आदि को सर सैयद मेमोरियल अवार्ड से सम्मानित किया गया। अमूबा के दिवंगत वरिष्ठ साथीगण मरहूम चौ. जियाउल इस्लाम, सलाहुद्दीन अहमद, जमीर मोहसिन आदि को मरणोपरांत लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. नदीम फारूकी द्वारा शहर के 12वीं कक्षा में पास करने वाले मेरीटोरियस स्टूडेंट्स को प्रो. मोहम्मद नसीम फारूकी अवार्ड दिए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्वेनर चौ. एहतिशामुल इस्लाम व संचालन मो. राशिद अलीग ने किया। दिल्ली से बुलाए गए प्रसिद्ध वक्ता अली आदिल खान भी शामिल रहे। शुभारंभ कुरान करीम की तिलावत से हुआ तथा ओल्ड एल्यूमिनाई की मगफिरत की दुआ की गई।



























