-4,104 कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को मिलेगा बढ़े मानदेय और कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ
कानपुर। जनपद में मंगलवार को 256 नवनियुक्त आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। मर्चेंट चौंबर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने 30 नवनियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं घाटमपुर, बिल्हौर व नर्वल तहसील तथा कल्याणपुर विकास खंड में आयोजित कार्यक्रमों में भी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 256 पदों पर चयन किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान अयोध्या में आयोजित आंगनबाड़ी सम्मान समारोह का प्रसारण भी देखा गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के मानदेय और सामाजिक सुरक्षा को लेकर चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। बढ़े हुए मानदेय एवं कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ कानपुर नगर की 4,104 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को मिलेगा।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित-
मर्चेंट चौंबर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सात आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बिधनू ब्लॉक की आशा देवी एवं चन्द्रवती देवी, शहर प्रथम की अन्नू, वन्दना साहू एवं वन्दना सविता तथा शहर द्वितीय की शांति एवं पार्वती देवी शामिल रहीं।
नवजात बेटियों को पोषण किट, बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई-
कार्यक्रम में महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी सम्मानित किया गया। श्बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओश् योजना के अंतर्गत नवजात बालिकाओं आरती, दीपाली, कीर्ति, रवीना और आयशा को विशेष पोषण किट एवं गिफ्ट हैंपर प्रदान किए गए। इसी क्रम में बालिका अलिना अंसारी का जन्मदिन अतिथियों की उपस्थिति में मनाया गया। बच्चों में सही पोषण की शुरुआत के संदेश के साथ बालक कृष्णा एवं मृदुल का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। सुरक्षित मातृत्व एवं गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण के प्रति जागरूकता के लिए गर्भवती महिलाओं नेहा, सीमा, कमलेश गुप्ता, गौरी और शीलम की गोदभराई कर उन्हें पोषण किट प्रदान की गई।






























