- 26 से 28 अगस्त तक महानगर को भिगायेगी बारिश – मौसम विभाग
- मैच में बारिश की निपटने की पूरी तैयारी, बारिश से नहीं आयेगा व्यवधान
कानपुर। एतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में अगले शुक्रवार से बहुप्रतिक्षित यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का श्रीगणेश होने जा रहा है। गत मंगलवार को अचानक शुरु हुई बारिश से क्रिकेट के इस मेगा इवेंट की तैयारी में कुछ व्यवधान भी पड़ा है। सीएसए के मौसम विभाग ने 26 से 28 अगस्त तक बारिश होने की संभावना जताई है। उधर, यूपी टी-20 के आयोजक उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन (यूपीसीए) का कहना है कि बारिश से लड़ने के लिये हम पूरी तरह से तैयार है। यूपीसीए के कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला ने ‘डॉल्फिन न्यूज़’ से कहा कि टूर्नामेंट के मैचोें में कोई रुकावट नहीं आयेगी। बारिश होने के बाद अल्प समय में मैच शुरु हो जायेगा, इसके लिये हर स्तर पर पहले से तैयारी कर ली गई है। बारिश के बाद आउट फील्ड पर जलभराव की कोई संभावना नहीं है। इसके लिये कई तैयारियों को पहले कर लिया गया है। इस बार पहला ऐसा मौका है जब बाउंड्री लाइन पर एलईडी पैनल जमीन से पांच इंच अप इंस्टॉल किये गये हैं, ताकि बारिश के पानी का ब्लाकेज न रहे। इसके अलावा अन्य कई और व्यवस्थायें भी हैं।
सीएसए एग्रिकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि कानपुर महानगर में 28 अगस्त को दिनभर हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है। इस दिन उमस काफी अधिक बनी रहेगी। 28 अगस्त को सुबह 04.30 से सुबह 08.30 बजे तक- इस दौरान बारिश की संभावना सबसे अधिक (40ः से 65ः) है। सुबह 5.30 से 6.30 के बीच तेज बौछारें पड़ सकती हैं। दोपहर 12.30 बजे अचानक गरज के साथ बौछारें (थंडर स्ट्रोम) पड़ने के आसार हैं। शाम 03.30 से शाम 06.30 बजे तक एक बार फिर मौसम बदलेगा और गरज के साथ मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है।






























