कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिये बिग गुड न्यूज़
सांसद रमेश अवस्थी ने जताया मुख्यमंत्री का आभार
ग्रीन पार्क में ही होगा यूपी टी-20 का आयोजन
कानपुर। शहर के क्रिकेट प्रेमियों के लिये एक बड़ी गुड न्यूज़ है। यूपी टी-20 मुकाबलों के राजधानी के इकाना स्टेडियम जाने से मायूस क्रिकेट प्रेमियों के लिये शुक्रवार शुभ दिन रहा। सांसद रमेश अवस्थी के सही समय पर किये गये अथक प्रयासों के चलते यूपी टी 20 के मुकाबले ग्रीन पार्क स्टेडियम में होना तय हो गया है। अगले महीने अगस्त की 14 तारीख से प्रस्तावित यूपी टी-20 टूर्नामेंट के मैच कानपुर के एतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में ही होंगे। सांसद रमेश अवस्थी ने अपने सोशल मीडिया एकांउट्स पर सहर्ष इस खुशखबरी को साझा किया है। सांसद श्री अवस्थी ने कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में यूपी टी-20 के मैचों के आयोजन के लिये प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति अभार ज्ञापित करते हुये इस खुशनुमा जानकारी को साझा किया। गौरतलब है कि खेल विभाग और यूपीसीए के बीच पुरानी मैच फीस को लेकर विवाद उपजा था। जिस पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन ने आगामी यूपी टी-20 टूर्नामेंट को राजधानी के इकाना स्टेडियम में कराने का फैसला कर लिया था लेकिन सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को कानपुर में ही कराये जाने के आदेश पारित कर दिये। खेल प्रेमी इसके लिये मुख्यमंत्री श्री योगी जी और सांसद श्री अवस्थी का आभार प्रकट कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि यूपी टी-20 का सिर्फ उद्घाटन ही राजधानी के इकाना स्टेडियम में होगा। बाकी सारे मैच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में ही खेले जायेंगे।
























