-राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चैंपियनशिप में हुये शानदार मुकाबले
कानपुर। द स्पोर्ट्स हब में चल रही प्रथम राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चौंपियनशिप-2026 में बुधवार को युवा खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। चार आयु वर्गों के फाइनल मुकाबलों में पश्चिम बंगाल, असम सहित विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। युवा बालिका अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल की कृतिका सायबो ने हरियाणा की फाल्गुन गुप्ता को एक रोमांचक मुकाबले में 3-2 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। फाल्गुन ने दो बार बढ़त हासिल की, लेकिन कृतिका ने निर्णायक क्षणों में शानदार वापसी करते हुए चौथा और पाँचवां गेम जीतकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मुकाबले का स्कोर 9-11, 11-9, 9-11, 11-6, 11-9 रहा।
युवा बालक अंडर-11 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के देबांशु चक्रवर्ती ने महाराष्ट्र के राजवर्धन तिवारी को 3-1 से हराया। राजवर्धन ने पहला गेम अपने नाम किया, लेकिन इसके बाद देबांशु ने लगातार तीन गेम जीतकर खिताब हासिल किया। स्कोर 7-11, 12-10, 11-4, 11-4 रहा। युवा बालक अंडर-13 के फाइनल में पश्चिम बंगाल के अरिव दत्ता ने अपने ही राज्य के गेम महालनाबिश को 3-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। वहीं युवा बालिका अंडर-13 के फाइनल में असम की ईशानी गोगोई ने दिल्ली की ख्याति पांडे को सीधे सेटों में 13-11, 11-7, 12-10 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि श्री राम जी, प्रांत प्रचारक उपस्थित रहे। इस अवसर पर आर.के. अग्रवाल, विकास चतुर्वेदी और आकाश गोयनका विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में संजीव पाठक, चेयरमैन आयोजन समिति, पीयूष अग्रवाल, डायरेक्टर, एमएचपीएल, तथा प्रनीत अग्रवाल सीईओ टीएसएचकी गरिमामयी उपस्थिति रही।






























