मिशन शक्ति फेज-6 के आठवें दिन कानपुर नगर पुलिस की विशेष पहल
मिशन शक्ति फेज-6 के आठवें दिन बाल विवाह के विरुद्ध कानपुर नगर पुलिस का विशेष जागरूकता अभियान
नुक्कड़ नाटक के जरिए बाल विवाह के दुष्परिणामों का संदेश, बच्चियों के सुरक्षित भविष्य के लिए किया जागरूक
नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन पर जोर, हेल्पलाइन और पुलिस सेवाओं की दी गई जानकारी
कानपुर। कमिश्नरेट पुलिस ने मिशन शक्ति फेज-6 के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न स्तरों पर विशेष पहल की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को अभियान के आठवें दिन अपर पुलिस महानिदेशक/पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस उपायुक्त (महिला-अपराध) स्नेहा तिवारी के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाल विवाह की रोकथाम को केंद्र में रखकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बाल विवाह जैसी गंभीर सामाजिक कुप्रथा के दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।नाटक के माध्यम से लोगों को समझाया गया कि बाल विवाह किस प्रकार बच्चियों के बचपन, शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास और उज्ज्वल भविष्य को प्रभावित करता है तथा उनके सपनों और आत्मनिर्भर बनने की संभावनाओं के सामने गंभीर बाधाएँ खड़ी करता है। इस माध्यम से आमजन को बाल विवाह के विरुद्ध जागरूक करते हुए इस कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। इस पहल का उद्देश्य समाज में बाल विवाह के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए लोगों को प्रेरित करना रहा। कानपुर कमिश्नरेट पुलिस का संदेश है कि बाल विवाह की रोकथाम केवल कानून के प्रभावी क्रियान्वयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज की जागरूकता, सहभागिता और सामूहिक संकल्प भी आवश्यक है। मिशन शक्ति फेज-6 के माध्यम से पुलिस महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति संवेदनशील वातावरण विकसित करने, बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने तथा प्रत्येक बच्चे को सुरक्षित बचपन, शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर जन-जागरूकता अभियान चला रही है।



























