कानपुर जिला प्रशासन ने ‘अर्नब’ तूफान को जारी की एडवाइजरी The Dolphin News- Kanpur कानपुर। बंगाल की खाड़ी में उठ रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए कानपुर जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 से 31 अक्टूबर के बीच जनपद में भारी वर्षा, तेज हवाओं, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि संभावित प्रतिकूल मौसम के दौरान जनहानि एवं संपत्ति की क्षति रोकने के लिए संबंधित विभागों को सतर्क रहने, राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आंधी-तूफान और वज्रपात के दौरान बरतें विशेष सावधानी- एडवाइजरी के अनुसार तेज हवा, बारिश और गरज-चमक के दौरान लोग सुरक्षित पक्के भवनों में रहें। पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, जर्जर दीवारों, पुराने भवनों, होर्डिंग और लटकते बिजली के तारों से दूर रहें। वज्रपात के दौरान खुले मैदान, खेत, तालाब और ऊंचे एवं एकाकी पेड़ों के नीचे शरण न लें। बिजली चमकने के दौरान छत, बालकनी और खुले स्थानों पर जाने से बचें। डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि जनपद प्रशासन संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है। मौसम संबंधी सूचनाओं के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें। किसी भी आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन डायल-112 अथवा स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना दें। #arnabcyclone #kanpurpolice #kanpurnews #kanpurdm #kanpuralert




























