विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आईएमए में साझा की गई नवीन वैज्ञानिक जानकारी कानपुर। विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) कानपुर शाखा एवं कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन (केडीए) के संयुक्त तत्वावधान में आईएमए भवन विशेष सीएमई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मधुमेह एवं मोटापे से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं, उनके प्रभाव तथा आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से बेहतर उपचार एवं नियंत्रण के प्रति चिकित्सकों को नवीनतम वैज्ञानिक जानकारी प्रदान करना था। वरिष्ठ डायबेटोलॉजिस्ट डॉ. नंदिनी रस्तोगी ने मोटापे, विशेषकर शरीर में अतिरिक्त वसा के जमाव और इंसुलिन रेजिस्टेंस के बीच संबंध को समझाया। उन्होंने बताया कि मोटापा केवल शरीर के वजन या बाहरी बनावट तक सीमित समस्या नहीं है, बल्कि यह टाइप-2 डायबिटीज, उच्च रक्तचाप एवं हृदय संबंधी बीमारियों के जोखिम को भी बढ़ा सकता है। इसलिए वजन के साथ-साथ शरीर में वसा के वितरण और चयापचय संबंधी स्वास्थ्य पर ध्यान देना आवश्यक है। इसी तरह वरिष्ठ डायबेटोलॉजिस्ट एवं कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. रितेश चौधरी ने वजन एवं ब्लड शुगर को नियंत्रित करने के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, उचित उपचार एवं निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मधुमेह के बेहतर प्रबंधन में केवल शुगर का स्तर कम करना ही नहीं, बल्कि लंबे समय तक उसे नियंत्रित बनाए रखना और स्वस्थ वजन हासिल करना भी महत्वपूर्ण है। आईएमए कानपुर के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह गौर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की एवं आए हुए सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए इस बीमारी के विषय में बताया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन आईएमए कानपुर के सचिव डॉ. दीपक श्रीवास्तव ने दिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन करते हुए डॉ. (प्रो). कुणाल सहाय, मेडिसिन विभागाध्यक्ष नारायणा मेडिकल कॉलेज, कानपुर और सचिव कानपुर डायबिटीज एसोसिएशन ने यह भी बताया कि मधुमेह का उपचार केवल रक्त शर्करा नियंत्रित करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि हृदय, गुर्दे एवं अन्य महत्वपूर्ण अंगों को मधुमेह से होने वाली जटिलताओं से बचाना भी उपचार का अभिन्न हिस्सा है।
#imakanpur #worlddiabetesday #imaup #diabetesprevention #diabetesawarness


























