Google search engine

-छह जुलाई से शुरू होगा निःशुल्क प्रशिक्षण, 1 जुलाई से चयन ट्रायल
-10 खेलों में 304 खिलाड़ियों का होगा चयन, क्रिकेट के लिए 44 सीटें

कानपुर। नगर निगम और कानपुर स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्यनगर स्थित द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए संचालित “स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी योजना” के नौवें बैच का प्रशिक्षण 6 जुलाई से शुरू होगा। इसके लिए चयन ट्रायल एक जुलाई से आयोजित किए जाएंगे। इस बार योजना में पहली बार क्रिकेट को शामिल किया गया है, जिसके तहत 44 खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। कुल 10 खेलों में 304 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में नगर निगम के अपर नगर आयुक्त-द्वितीय जगदीश यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेलो इंडिया की परिकल्पना के अनुरूप आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी तथा आवेदन प्राप्त होने के बाद खिलाड़ियों के घरों का भौतिक सत्यापन भी कराया जाएगा, जिससे वास्तविक जरूरतमंद बच्चों तक योजना का लाभ पहुंच सके। चयन प्रक्रिया की निगरानी के लिए सात सदस्यीय कोऑर्डिनेशन कमेटी गठित की गई है।

कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रतिनिधि मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल अवसंरचना, फिटनेस मॉनिटरिंग, डाइट गाइडेंस और प्रोफेशनल कोचिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं, ऑडी स्टेडिया कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजीव गर्ग ने कहा कि पहली बार क्रिकेट को शामिल किए जाने से अधिक प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा। क्रिकेट खिलाड़ियों का चयन और प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) तथा उत्तर प्रदेश वेटरन क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीवीसीए) के सहयोग से किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 जून से आवेदन पत्रों का वितरण किया जा रहा है और 26 जून आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि है। अब तक 265 आवेदन पत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 49 आवेदन प्राप्त हुए हैं। आवेदन पत्र नगर निगम के सभी छह जोनल कार्यालयों से उपलब्ध हैं। योजना का प्रचार सरकारी विद्यालयों, जनप्रतिनिधियों, स्थानीय समाचार पत्रों और नगर निगम के वेरिएबल मैसेज बोर्ड (वीएमबी) के माध्यम से किया जा रहा है।

टीएसएच में अब तक आठ बैचों में 2016 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 4 कांस्य तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में 52 स्वर्ण, 41 रजत और 38 कांस्य पदक जीतकर कुल 140 पदक अपने नाम किए हैं। योजना से सब्जी विक्रेताओं, ठेला संचालकों, दैनिक श्रमिकों और निम्न आय वर्ग के परिवारों के बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिला है।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here