- पुलिस आयुक्त ने घटनास्थल का किया निरीक्षण, दिये आवश्यक निर्देश
- बिल्डर एवं लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी
- असुरक्षित इमारतों का चिन्हांकन कर अभियान चलाकर सील किया जायेगा
कानपुर। सोमवार की सुबह एक अशुभ सूचना प्राप्त हुई। आज 16 नवंबर को प्रातः 04ः54 बजे ईस्ट जोन के थाना फीलखाना क्षेत्रांतर्गत राधिका अपार्टमेंट में आग लगने से एक महिला व एक 15 साल के किशोर की मौत हो गई। सूचना पर फायर स्टेशन लाटूश रोड एवं फायर स्टेशन कर्नलगंज की टीमों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया गया। फायर सर्विस की टीमों ने बिल्डिंग में फंसे आठ व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें से 04 को उपचार हेतु भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान एक महिला एवं एक 15 वर्षीय किशोर की मृत्यु हो गई, जबकि दो घायलों का उपचार जारी है। इस दुघर्टना की जानकारी मिलते ही पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल के निरीक्षण में पाया गया कि लगभग 4 मीटर चौड़ी सड़क पर बनी 5-6 मंजिला बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़े वाहनों में स्पार्किंग से आग लगी, जो सीढ़ियों के रास्ते ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। बिल्डिंग में समुचित आपातकालीन निकास की व्यवस्था भी नहीं पाई गई। पुलिस आयुक्त श्री लाल ने कहा कि इस प्रकरण में मुकदमा पंजीकृत कराकर जिम्मेदार बिल्डर एवं लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। केडीए उपाध्यक्ष से वार्ता कर ऐसी अनधिकृत एवं असुरक्षित इमारतों का चिन्हांकन कर संयुक्त अभियान चलाने, उन्हें सील करने तथा जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
बाइट- पुलिस आयुक्त श्री रघुवीर लाल




























