-पहले घर पर कब्जे की गई कोशिश, इसके बाद फर्जी हस्ताक्षरों से करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप
-कैंसर पीड़ित 76 वर्षीय व्यापारी से करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोप, बेटे-बहू समेत सात पर एफआईआर
कानपुर। कोहना थाना क्षेत्र में 76 वर्षीय कैंसर पीड़ित व्यापारी सुभाष चंद्र गुप्ता की शिकायत पर बेटे, बहू समेत सात लोगों के खिलाफ करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी, जालसाजी और संपत्ति हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोहना थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सुभाष चंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे आशीष गुप्ता, बहू मनिका गुप्ता और अन्य आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर तथा जाली हस्ताक्षर के माध्यम से उनकी संपत्ति और कारोबारी हिस्सेदारी पर अवैध कब्जा कर लिया। शिकायत के अनुसार, ‘ब्तवेेूंले प्दतिंजमबी’ फर्म में सुभाष चंद्र गुप्ता की 45 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए इस हिस्सेदारी को समाप्त कर बेटे और बहू ने 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी अपने नाम दर्ज करा ली। एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि स्वरूप नगर स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की जमीनों (7/214/2, 7/214/3 और 7/214/5) को अवैध तरीके से बेचने और बिक्री से प्राप्त धनराशि का गबन करने का प्रयास किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, समाज में बदनाम करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई और उनके घर पर दबाव बनाने के लिए लोगों को भेजा गया। उक्त मामले की विवेचना उपनिरीक्षक आशीष कुमार को सौंपी गई है। कोहना थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




























