-पैचवर्क कार्यों में लापरवाही एवं विलंब पर जिलाधिकारी नाराज
- गुणवत्ता जांच और समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश
कानपुर। लापरवाही किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जायेगी। यह कहना है कानपुर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर का। रोजाना की तरह जिलाधिकारी श्री तंवर मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे जैन एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के साथ रात्रिकालीन निरीक्षण पर निकले। उन्होंने कृष्णा नगर, फूलबाग मल्टीलेवल पार्किंग एवं पनचक्की चौराहे पर पैचवर्क कार्यों का जायजा लिया। सड़कों पर गड्ढे मिलने और कार्यों में विलंब पर नाराजगी जताई और शेष कार्य तत्काल पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जोन-2 में पूर्ण 56 पैचवर्क कार्यों का जिलाधिकारी स्तर से सत्यापन एवं गुणवत्ता जांच कराई जाएगी। जलकल विभाग को सड़क पर खोदे गए गड्ढे को तत्काल भरने तथा सभी संबंधित विभागों को सड़क निर्माण कार्यों में बाधा दूर करने के निर्देश दिए गए। 14 अक्टूबर को संयुक्त समीक्षा बैठक में पैचवर्क कार्यों की प्रगति एवं लंबित कार्यों की समीक्षा की जाएगी।





























