बेकाबू ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली झोपड़ी पर पलटी, एक ही परिवार के चार लोग दबे
कानपुर। फजलगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक बेकाबू ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे बनी झोपड़ी पर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में झोपड़ी में सो रहे एक ही परिवार के चार लोग मलबे और ट्रैक्टर-ट्राली के नीचे दब गए। अस्पताल में इलाज के दौरान सास और बहू की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी मासूम बच्ची घायल हो गए। दादा नगर ढाल के पास स्थित कच्ची मड़ैया में सुंदर सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में उनकी 60 वर्षीय पत्नी सियावती सिंह, बेटा सजीवन सिंह उर्फ बउआ, बहू पुष्पा देवी उर्फ अंजना (40) और पोती मिष्ठी शामिल हैं। सुंदर सिंह ने बताया कि गुरुवार रात करीब 8 बजे करवाचौथ की पूजा संपन्न होने के बाद वह अपनी नाइट ड्यूटी के लिए निकल गए थे। घर पर उनका बेटा, बहू, पत्नी और पोती सो रहे थे। रात करीब 2 बजे दादा नगर पुल की ओर से फजलगंज की तरफ आ रही तेज रफ्तार ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर सीधे उनकी झोपड़ी पर पलट गई।
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और उसमें सवार मजदूर मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फजलगंज पुलिस ने मेट्रो कर्मचारियों के सहयोग से क्रेन बुलाकर भारी ट्रैक्टर-ट्राली और मलबे को हटवाया। इसके बाद नीचे दबे चारों लोगों को बाहर निकालकर तुरंत हैलट अस्पताल पहुंचाया गया। हैलट अस्पताल में डॉक्टरों ने 60 वर्षीय सियावती सिंह और उनकी बहू पुष्पा देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं सजीवन सिंह और उनकी बेटी मिष्ठी का इलाज चल रहा है, जिनकी हालत डॉक्टरों ने खतरे से बाहर बताई है।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
बाइट- एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह






























