- चेतावनी बिंदु पार, एक दर्जन से ज्यादा गांव डूबे, हजारों की आबादी प्रभावित
कानपुर/उन्नाव। कानपुर और शुक्लागंज क्षेत्र में गंगा महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने से तटीय इलाकों में बाढ़ का गंभीर संकट है। बुधवार रात आठ बजे गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार करते हुए 113.01 मीटर पर पहुंच गया। जलस्तर में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से उन्नाव और कानपुर के सीमावर्ती इलाकों में हालात बेकाबू होते नजर आ रहे हैं। गंगा किनारे बसे 10 से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी जा चुका है, जिससे करीब 800 घरों के 30 हजार से ज्यादा लोग सीधे तौर पर प्रभावित बताये जाते हैं। जाजमऊ से उन्नाव की ओर जाने वाले हाईवे के आसपास के ग्रामीण इलाकों में जलभराव के चलते अब नावों का सहारा लिया जा रहा है। कई बस्तियों और संपर्क मार्गों पर पानी 3 फीट से लेकर 10 फीट तक भर गया है, जिससे रोजमर्रा का जनजीवन पूरी तरह ठप हो गया है। अंदरूनी इलाकों में स्थिति गंभीररू अंदरूनी गांवों में 3 से 4 किलोमीटर तक पानी भर जाने के कारण लोग छतों पर शरण लेने को मजबूर हैं और आवागमन के सभी रास्ते बंद हो चुके हैं। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है, वहीं निचले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग तेज हो गई है।






























