-महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा- तालाबों पर कब्जों की वजह से हो रहा जलभराव
कानपुर। महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर निगम में प्रेस कांफ्रेंस करके शहर की मीडिया का ध्यान महानगर में होने वाले जल भराव की समस्या की तरफ आकर्षित किया। कहा कि जलभराव का बड़ा कारण शहर के तालाबों पर हुए कब्जे हैं। उन्होंने दावा किया कि करीब 312 तालाबों पर कब्जा हो चुका है और उनका कोई पता नहीं है। कल्याणपुर के एक तालाब से कब्जा हटाने का मुद्दा मुख्यमंत्री के सामने भी उठाया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मंडलायुक्त और केडीए से तालाबों को चिह्नित कर कब्जामुक्त कराने की मांग की। साथ ही केडीए उपाध्यक्ष से टीम गठित कर कार्रवाई करने को कहा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में महापौर श्रीमती पांडेय ने बताया कुछ दिनों पहले कानपुर विकास प्राधिकरण से शहर के तालाबों को लेकर एक लिस्ट मांगी थी, उस लिस्ट में शहर के आधे से ज्यादा ज्यादा तालाब केडीए द्वारा बेच दिए गए हैं जो कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन है। महापौर ने जनता से आह्वान किया कि जहां पर भी तालाब पर कब्जे हुए हैं या हो रहे हैं तत्काल उन्हें अवगत कराएं जिससे वह और शहर की जनता मिलकर इन तालाबों को कब्जा मुक्त करवा सके और अपने शहर वासियों को हमेशा के लिए जल भराव की समस्या से निजात मिल सके।
























