करोड़ों की ठगी करने वाले गैंग के छह साइबर अपराधी गिरफ्तार
कानपुर। वेस्ट जोन की थाना शिवराजपुर पुलिस एवं साइबर क्राइम सेल की संयुक्त कार्रवाई में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर लोगों को भयभीत कर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने छह शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने इस गुडवर्क पर पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिये जाने की घोषणा की है।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि इस गिरोह के सदस्य स्वयं को पुलिस, सीबीआई एवं अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बताकर फर्जी मामलों में गिरफ्तारी का भय दिखाते थे तथा पीड़ितों से धनराशि ठगते थे। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम को पी2पी ट्रेडिंग के माध्यम से यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) में परिवर्तित किया जाता था। उन्होंने बताया कि एनसीआरपी एवं प्रतिबिंब पोर्टल के अनुसार गिरोह पिछले लगभग तीनवर्षों से सक्रिय था तथा देशभर में लगभग 2,500 लोगों से 15 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी कर चुका है। ठगी की धनराशि के लेनदेन हेतु 450 से अधिक फर्जी एवं किराए के बैंक खातों का उपयोग किया गया। गिरोह के विरुद्ध उत्तर प्रदेश सहित दिल्ली, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, उत्तराखंड एवं मध्य प्रदेश में भी शिकायतें दर्ज हैं। गिरफ्तार किये गये साइबर अपराधियों में अशरफ खान, सूरज कुमार, राजन कटियार, राजदीप, भीमरतन कुमार एवं कमल शामिल हैं।
बाइट- डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, आईपीएस




















