Google search engine

होटल संचालक, कोचिंग संचालक, हॉस्टल संचालकों, अस्पताल संचालकों के साथ बैठक

कानपुर। लखनऊ अग्निकांड की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। उद्देश्य सिर्फ एक- किसी भी सूरत में इस तरह घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिये। प्रदेश की राजधानी में सोमवार को हुई इस घटना के बाद कानपुर पुलिस कमिश्नरेट पुलिस सुपर एक्शन में दिखाई पड़ा। पुलिस आयुकत रघुवीर लाल ने पुलिस मुख्यालय के सभागार में मंगलवार को कोचिंग, होटल, हॉस्टल, अस्पताल एवं व्यावसायिक भवनों की सुरक्षा को लेकर बैठक की और सभी विभागों के साथ संयुक्त समीक्षा एवं सख्त निर्देश दिये।
पुलिस आयुक्त श्री लाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा की अध्यक्षता में लखनऊ में हुई कोचिंग संस्थान की घटना के दृष्टिगत मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के साथ शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों, होटल, हॉस्टल, अस्पताल, सिनेमाघर, शॉपिंग मॉल एवं अन्य व्यावसायिक भवनों के स्वामियों, संचालकों एवं प्रबंधकों की संयुक्त सुरक्षा बैठक की गई। गोष्ठी में जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

सुरक्षा मानकों के शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश-
गोष्ठी में संस्थानों की अग्नि सुरक्षा, भवन संरक्षा, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन निकासी व्यवस्था (आपातकालीन द्वार), सीसीटीवी, फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, आपराधिक दृष्टि से आवश्यक सुरक्षा उपाय एवं संबंधित मानकों के अनुपालन पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। संस्थान संचालकों के सुझाव प्राप्त किए गए तथा सभी को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बहु-विभागीय समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा-
बैठक में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एडीएम सिटी, कानपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विद्युत विभाग, जिला पूर्ति विभाग एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर डीसीपी पूर्वी श्री सत्यजीत गुप्ता, डीसीपी दक्षिण श्री दीपेन्द्र नाथ चौधरी, डीसीपी पश्चिम श्री एस.एम. काबिस आबिदी, अपर पुलिस उपायुक्त इंटेलिजेंस श्री महेश कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल डॉ. अर्चना सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण श्री सुमिक सुधाकर रामटेके, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी श्रीमती शिवा सिंह एवं अपर पुलिस उपायुक्त पश्चिम श्री राजेश कुमार पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

जनसुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता
पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर का यह संयुक्त अभियान केवल नियामकीय कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शहर के प्रत्येक शिक्षण संस्थान, अस्पताल, होटल एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठान को अधिक सुरक्षित बनाना, संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम नागरिकों के जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here