-अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण – पुलिस सेवा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी संवाद एवं सहायता पहुंचाना -पुलिस आयुक्त कानपुर। अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर कानपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अखिल उत्तर प्रदेश बधिर संस्था के सहयोग से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये एक दिवसीय सांकेतिक भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन पुलिस आयुक्त कार्यालय स्थित सभागार में किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर दिव्यांगजन से प्रभावी संवाद स्थापित करने तथा उन्हें पुलिस सेवाएं अधिक सुलभ, समावेशी एवं संवेदनशील रूप से उपलब्ध कराने के लिए सक्षम बनाना रहा। इस अवसर पर अपर पुलिस महानिदेशक/ पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने सांकेतिक भाषा के प्रति जागरूकता, समानता एवं सम्मान का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी संवाद एवं सहायता पहुंचाना है तथा सांकेतिक भाषा का ज्ञान पुलिस और दिव्यांगजन के बीच संवाद को और अधिक सहज एवं प्रभावी बनाने में सहायक होगा। कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक भाषा के माध्यम से दिव्यांगजन से संवाद करने के आवश्यक तौर-तरीकों एवं व्यवहारिक पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया एवं अधिकारीगण द्वारा संस्था के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में अपर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय एवं महिला अपराध स्नेहा तिवारी सहित कमिश्नरेट कानपुर नगर के पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। बाइट- एडीसीपी मुख्यालय एवं महिला अपराध- स्नेहा तिवारी
























