- जिलाधिकारी ने किया एएचएम एवं डफरिन तथा यूएचएम जिला चिकित्सालय का निरीक्षण
- अस्पतालों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें, बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश
कानपुर। नवनियुक्त जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बीती रात रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का निरीक्षण के बाद मंगलवार को आज एएचएम एवं डफरिन जिला महिला अस्पताल तथा यूएचएम जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डफरिन चिकित्सालय में इमरजेंसी एवं ट्रायेज, प्रसूति वार्ड, मिडवाइफरी लेड केयर यूनिट, पीपीसी वार्ड, एसएनसीयू वार्ड, स्तनपान प्रबंधन इकाई, फार्मेसी/औषधि केंद्र तथा ओपीडी में योग कक्ष, एनीमिया प्रबंधन इकाई एवं मॉडल टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरि दत्त नेमी, अधीक्षिका डफरिन चिकित्सालय डॉ. रुचि जैन सहित संबंधित चिकित्सक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके बाद जिलाधिकारी श्री तंवर ने यूएचएम जिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ओपीडी, ब्लड बैंक, डेंगू वार्ड सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों की स्थिति की जानकारी ली तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सभी आवश्यक मशीनें सुचारु रूप से संचालित रहें। किसी भी उपकरण के खराब होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत अथवा आवश्यक कार्रवाई कराने के निर्देश दिए।
बाइट- जिलाधिकारी- महेंद्र सिंह तंवर, आईएएस
























