- आगरा के होटल ताज में यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का मिनी ऑक्शन
- मेरठ के कर्ण शर्मा को 23 लाख की भारी-भरकम राशि में खरीदा गया
कानपुर। भारतीय स्पिनर मेरठ के कर्ण शर्मा यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं। आगरा में शुक्रवार को होटल ताज में मिनी ऑक्शन में कुल 45 रिक्त स्लॉट के लिए अभी तक 20 खिलाड़ियों को छह फ्रेंचाइजियों ने खरीदा है। जिसमें कानपुर सुपरस्टार ने टीम इंडिया और आईपीएल में अपनी फिरकी का जादू दिखा चुके कर्ण शर्मा को 23 लाख रुपए की भारी-भरकम राशि में खरीदा। नीलामी में दूसरी सबसे बड़ी कीमत स्पीड हंट से चुने गये बुलंदशहर के युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम को मिली। उन्हें नोएडा सुपरकिंग्स ने 21.50 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया।
पहली बार दो शहरों में 14 अगस्त से आयोजित होने जा रहे यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के लिए मिनी ऑक्शन का आयोजन इस बार आगरा में रखा गया। जिसमें प्रदेश के कुल 287 खिलाड़ियों को शामिल किया गया। सायं पांच बजे बॉलीवुड अभिनेता अंगद बेदी ने मंच से खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया को शुरू किया। इस दौरान बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला और यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डा.संजय कपूर भी मौजूद रहे। शुरुआत के तीन खिलाड़ियों में किसी भी फ्रेंचाइजी ने दिलचस्पी नहीं दिखायी लेकिन उसके बाद आए मेरठ के शिवम चौधरी को 21 लाख रुपए में गौर गोरखपुर लॉयंस ने खरीदकर नीलामी की शुरुआत काफी धमाकेदार की। नीलामी में कुल 45 खिलाड़ियों को खरीदा जाना था जिसमें देर रात तक 20 खिलाड़ियों को खरीद लिया गया था। इसमें मेरठ के कर्ण शर्मा को सबसे अधिक 23 लाख रुपए में कानपुर ने खरीदा। दूसरे स्थान पर स्पीड हंट से चुने गये शुभम गौतम को 21.50 लाख में नोएडा और तीसरे स्थान पर शिवम चौधरी को 21 लाख में गोरखपुर ने खरीदा। इसके बाद कानपुर के मो. शारिम 17.50 को काशी, मुरादाबाद के शिवा सिंह को 17.50 लाख में नोएडा, मेरठ के समीर चौधरी को 11.75 में लखनऊ, सहारनपुर के शोएब सिद्दकी को 11.25 लाख में नोएडा ने शामिल किया।






























