- बाल सुरक्षा को अधिक संवेदनशील एवं परिणामपरक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम
कानपुर। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ की उपस्थिति में जोनल कार्यालय कानपुर में कानपुर देहात पुलिस, आई0आई0टी0 कानपुर एवं क्यूट ब्रेंस प्राइवेट लिमिटेड के मध्य घर से बिना बताए जाने वाली बच्चियों एवं महिलाओं के घर वापस आने के बाद उनकी मनःस्थिति एवं परिस्थितियों को समझने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल के तहत डा0 ब्रजभूषण, उपनिदेशक, आई0आई0टी0 कानपुर, प्रोफेसर जयानधरन डीन आरएंडडी आईआईटी कानपुर तथा श्रीमती श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक, कानपुर देहात द्वारा एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। 22 बिन्दुओं पर आधारित वैज्ञानिक आंकलन के माध्यम से उनके घर से जाने के कारणों, परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं को समझते हुए उचित परामर्श एवं आवश्यक हस्तक्षेप सुनिश्चित किया जाएगा। प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर ऐसे प्रकरणों की पुनरावृत्ति रोकने हेतु प्रभावी एवं व्यवहारिक कार्ययोजना विकसित की जाएगी। तकनीकी एवं वैज्ञानिक विशेषज्ञता को पुलिसिंग से जोड़ने वाली यह पहल महिला एवं बाल सुरक्षा को अधिक संवेदनशील, वैज्ञानिक एवं परिणामपरक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।






























