- गन पाइंट पर महिला और किशोर को किचन में बंद कर नगदी और आभूषण लूट ले गये
- शीघ्र ही घटना का अनावरण करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जायेगा- डीसीपी ईस्ट
कानपुर। सावन मास के पहले सोमवार के दिन आज जब पुलिस शिव मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था में व्यस्थ थी, तभी मौके का फायदा उठाकर पूर्वी जोन के थाना चकेरी क्षेत्र के श्याम नगर में दोपहर लगभग 12-12.30 बजे तीन अज्ञात युवक बाइक से आकर एक घर में घुसे और घर में मौजूद लगभग 45 वर्षीय महिला एवं करीब 17 वर्षीय किशोर को किचन में बंद कर नकदी एवं आभूषण लूटकर फरार हो गए। घरेलू सहायिका के आने पर दोनों बाहर निकले और पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों के अनुसार लगभग आठ लाख मूल्य की नकदी एवं आभूषण (कुछ कृत्रिम आभूषण सहित) लूटे गए हैं। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना प्राप्त होते ही स्थानीय पुलिस, एसीपी, एडीसीपी एवं फोरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट एवं अन्य फोरेंसिक साक्ष्य संकलित किए गए हैं। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों का परीक्षण कर आरोपियों की पहचान एवं उनके आने-जाने के मार्ग का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में गंभीर मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है, केवल किशोर के हाथ में हल्की चोट होना सामने आया है। डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि घटना के अनावरण के लिये पुलिस की विभिन्न टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। सभी तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। शीघ्र ही घटना का सफल अनावरण करते हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बाइट- डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता




























