-उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलास देंगे प्रस्तुति
-इन्फ्लूएंसर्स मीट में लीग के डिजिटल प्रमोशन का तैयार हुआ रोड मैप
लखनऊ/कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के तत्वावधान में होने वाली यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज़ 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में भव्य ओपनिंग कॉन्सर्ट के साथ होगा। मशहूर गायक शंकर महादेवन, प्रसिद्ध गायिका जैस्मीन सैंडलास तथा शंकर महादेवन के पुत्र सिद्धार्थ महादेवन और शिवम महादेवन अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उद्घाटन समारोह को यादगार बनाएंगे। इसी भव्य आयोजन और लीग के व्यापक प्रचार-प्रसार को नई गति देने के उद्देश्य से पिछले सप्ताह इकाना स्टेडियम में इन्फ्लूएंसर मीट का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर्स, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और ऑनलाइन मीडिया से जुड़े 100 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यूपी टी-20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि आज के दौर में खेलों के प्रचार-प्रसार में डिजिटल प्लेटफॉर्म की महत्वपूर्ण भूमिका है।
चौयरमैन डॉ. कपूर ने बताया कि उद्घाटन समारोह इस बार पहले से कहीं अधिक भव्य होगा। उन्होंने कहा कि किसी प्रमुख क्रिकेट टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में शंकर महादेवन की प्रस्तुति काफी समय बाद देखने को मिलेगी, जिससे खेल प्रेमियों का उत्साह और बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह का एक और प्रमुख आकर्षण लेजर शो, भव्य ड्रोन शो और उसके माध्यम से प्रस्तुत किया जाने वाला लाइव नैरेशन होगा, जो दर्शकों को एक नया और अनूठा अनुभव देगा। डॉ. कपूर ने कहा कि इस बार पहली बार यूपी टी-20 लीग के मुकाबले लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में खेले जाएंगे, जिससे प्रदेश के अधिक से अधिक क्रिकेट प्रेमियों को लीग का रोमांच स्टेडियम में देखने का अवसर मिलेगा।
यूपी टी-20 के चौयरमैन डॉ संजय कपूर ने कहा कि यूपी के इन्फ्लूएंसर्स को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जाएगा। लखनऊ और कानपुर दोनों शहरों में उनके लिए अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे। दोनों ही जगह विजेता के लिए दो लाख और उपविजेता के लिए डेढ़ लाख और तीसरा स्थान पाने वाले इन्फ्लूएंसर को एक लाख रुपए का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आयोजन स्थलों पर इन्फ्लूएंसर्स के लिए विशेष इन्फ्लूएंसर जोन बनाया जाएगा। इतना ही नहीं, लीग के मैचों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रतिदिन की सर्वश्रेष्ठ पोस्ट को 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।




























