Google search engine
  • देशभर के तीन हजार खिलाड़ी 12 स्पर्धाओं में करेंगे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन
    -टी.एस.एच. में 16 से 23 अगस्त तक होगी यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग चौंपियनशिप
    -देशभर से करीब 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक और तकनीकी अधिकारी लेंगे हिस्सा

कानपुर। कानपुर महानगर में टेबल टेनिस का राष्ट्रीय महाकुंभ सजने जा रहा है। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया (टीटीएफआई) के सत्र 2026-27 की प्रथम यूटीटी राष्ट्रीय रैंकिंग टेबल टेनिस चौंपियनशिप का आयोजन 16 से 23 अगस्त तक टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब), कानपुर में होगा। उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ को इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी सौंपी गई है। प्रतियोगिता में देशभर से करीब 3,000 खिलाड़ी, प्रशिक्षक, तकनीकी अधिकारी और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। यह जानकारी टीएसएच में हुई प्रेस कांफ्रंेस में आयोजको ने दी। आयोजन समिति के चेयरमैन एवं उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस एसोसियेशन के अध्यक्ष संजीव पाठक ने बताया कि चैंपियनशिप के ड्रा 15 अगस्त को निकाले जायेंगे, जिसका यू ट्यूब पर लाइव टेलिकास्ट किया जायेगा।
उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ के सचिव अरुण कुमार बनर्जी ने बताया कि टीएसएच में स्टैग ग्लोबल की अंतरराष्ट्रीय मानक वाली 28 रोमा टेबल लगाई जाएंगी। इसके साथ ही दर्शकों के आकर्षण का केंद्र विशेष शो कोर्ट होगा, जहां प्रमुख मुकाबले खेले जाएंगे। टीएसएच के परिसर में अंतरराष्ट्रीय स्तर की फ्लोरिंग, एरिना, अंपायर टेबल, टॉवल स्टैंड सहित आधुनिक खेल सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। टीटीएफआई ने केरल के एन. गणेशन को प्रतियोगिता का प्रतियोगिता प्रबंधक और दिल्ली के ए.एस. क्लेर को रेफरी नियुक्त किया है। टीएसएच इस राष्ट्रीय चौंपियनशिप का स्थल सहयोगी है। प्रेस वार्ता में अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस खिलाड़ी गीता टंडन कपूर, टीएसएच के सीईओ प्रणीत अग्रवाल, कानपुर टेबल टेनिस संघ के सचिव संजय टंडन, सह सचिव सुनील सिंह और आशुतोष सत्यम झा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

खेलों को बढ़ावा देने की सोच का केंद्र बना टीएसएच-
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की सोच को धरातल पर उतारने में टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरा है। खेलो इंडिया और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित टीएसएच अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाओं से सुसज्जित है। यही वजह है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं के आयोजकों की पहली पसंद के रूप में टीएसएच अपनी पहचान बना रहा है। टीएसएच में खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए अनुकूल अंतरराष्ट्रीय स्तर का वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। टेबल टेनिस की राष्ट्रीय रैंकिंग चौंपियनशिप का आयोजन भी कानपुर में किसी अन्य स्थान के बजाय टीएसएच में होना इसकी सुविधाओं और आयोजन क्षमता पर भरोसे को दर्शाता है। इससे पहले भी टीएसएच में विभिन्न खेलों की राष्ट्रीय स्तर की कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं आयोजित हो चुकी हैं।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here