Google search engine

-कानपुर में पुराने गंगा पुल के बगल में आकार ले रहा नया फोर लेन सेतु,
-235 करोड़ की परियोजना, फरवरी 2028 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
-1,196 मीटर लंबे सेतु से कानपुर को लखनऊ की मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी

कानपुर। कानपुर से उन्नाव -शुक्लागंज आने-जाने वालों के लिये गुड न्यूज है। कानपुर में पुराने गंगा पुल के बगल में आकार ले रहा है नया फोर लेन सेतु। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को कानपुर नगर से शुक्लागंज, उन्नाव को जोड़ने वाले पुराने गंगा पुल के निकट निर्माणाधीन चार लेन गंगा सेतु परियोजना का निरीक्षण किया। करीब 235 करोड़ रुपये की लागत से राज्य सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे इस सेतु का लगभग 15 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। फरवरी 2026 में शुरू हुई परियोजना को फरवरी 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परियोजना की भौतिक प्रगति, पिलर निर्माण एवं आगे की कार्ययोजना की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि प्रस्तावित चार लेन सेतु की कुल लंबाई 1,196 मीटर और चौड़ाई 20 मीटर होगी। सेतु के लिए कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें से 14 पिलर पर प्रारंभिक संरचनात्मक कार्य किया जा चुका है।
यहां बता दें कि पुराना गंगा पुल लंबे समय से कानपुर की पहचान और हेरिटेज का हिस्सा रहा है। क्षतिग्रस्त होने के कारण वर्ष 2021 से इस पुल पर आवागमन बंद है। पुराने पुल के बगल में ही नया चार लेन सेतु बनाया जा रहा है। इसके तैयार होने से मध्य कानपुर से शुक्लागंज और उन्नाव की ओर आवागमन सुगम होगा तथा शुक्लागंज-उन्नाव होते हुए लखनऊ की ओर जाने वाले यातायात को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांस गंगा क्षेत्र में एक अन्य सेतु परियोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here