सांसद रमेश अवस्थी ने बतौर मुख्य अतिथि किया मैच का उद्घाटन
कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के दूसरे चरण का आगाज शुक्रवार को दुल्हन की तरह सजे-धजे ग्रीनपार्क स्टेडियम में गरिमापूर्ण समारोह के साथ हुआ। रक्षाबंधन के त्योहार के बावजूद गत चौम्पियन काशी रुद्रास और नोएडा सुपरकिंग्स का मुकाबला देखने स्टेडियम में हजारों दर्शक मौजूद रहे। इस यादगार उत्सव के मौके पर सांसद रमेश अवस्थी मुख्य अतिथि थे। शाम सात बजे मुख्य अतिथि श्री अवस्थी ने मैच का टॉस उछाला। इसके बाद उन्होंने लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर के साथ घण्टा बजाकर व गुब्बारे उड़ाकर मैच का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरे स्टेडियम में हुई आतिशबाजी ने माहौल को चार-चांद लगाए। इस दौरान जागरण प्रकाशन के निदेशक सुनील गुप्ता, यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला, गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह, ग्रीन पार्क के क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी कमरवीर सिंह भी मौजूद रहे। कानपुर में हो रहे यूपी टी-20 के आयोजन पर अपनी प्रसन्नता को व्यक्त करते हुये मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के प्रति आभार ज्ञापित किया।






























