- कानपुर में चारों जोन के डीसीपी एक साथ दल-बल के साथ सड़क पर उतरे
-न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अवैध हुक्का बार के विरुद्ध व्यापक अभियान
-265 हुक्का बार की चेकिंग होने से मचा हड़कंप, कुल 25 संचालक गिरफ्तार
कानपुर। न्यायालय द्वारा अवैध हुक्का बार के संचालन पर रोक के संबंध में दिए गए आदेश के अनुपालन में बुधवार की रात अपर पुलिस महानिदेशक/पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट कानपुर नगर के सभी जोनों में व्यापक चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के क्रम में सभी जोनों की पुलिस टीमों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में संचालित रेस्टोरेंट, कैफे एवं अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों की सघन चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान हुक्का संचालन से संबंधित उपकरण, प्रतिबंधित फ्लेवर एवं अन्य सामग्री की जांच की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तथा पार्किंग एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। पुलिस टीमों ने प्रतिष्ठान संचालकों को माननीय न्यायालय के आदेश से अवगत कराते हुए स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध लाइसेंस किसी भी रेस्टोरेंट, कैफे अथवा अन्य प्रतिष्ठान में हुक्का बार का संचालन नहीं किया जाएगा। साथ ही प्रतिष्ठान के निर्धारित स्मोकिंग एरिया में भी बिना वैध लाइसेंस हुक्का बार का संचालन प्रतिबंधित रहेगा।
कमिश्नरेट पुलिस द्वारा स्पष्ट किया गया कि माननीय न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने अथवा अवैध रूप से हुक्का बार संचालित किए जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कोटपा अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस द्वारा न्यायालय के आदेशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु इस प्रकार की चेकिंग एवं निगरानी आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
























