-डीएम ने जागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी
-5.12 लाख बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य
कानपुर। जनपद में पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 जून को आयोजित होने वाले अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 5,12,184 बच्चों को पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है और इसे बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को निर्धारित तिथियों पर निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अभियान के लिए जनपद में 2,069 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। 29 जून से घर-घर भ्रमण अभियान संचालित होगा। इसके लिए 8,561 घर-घर टीमें, 672 ट्रांजिट टीमें तथा 350 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। इस प्रकार अभियान में कुल 9,585 टीमें कार्य करेंगी तथा 12,642 स्वास्थ्यकर्मी एवं सहयोगी कार्मिक तैनात रहेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान के लिए विस्तृत माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। ईंट-भट्ठों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, निर्माण स्थलों तथा घुमंतू एवं प्रवासी परिवारों के बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति बनाई गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सर्वेक्षण के आधार पर टीमों की तैनाती की गई है, ताकि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो रोधी दवा से वंचित न रहे।
बाइट- जिलाधिकारी, जितेंद्र प्रताप सिंह





















