- पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने महिलाओं से सीधा संवाद कर साइबर जागरुकता के प्रति किया मार्गदर्शन
- ‘शक्ति संवाद’ में महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा पर संवाद, जागरूकता एवं सहभागिता का आयोजन
कानपुर। प्रत्येक व्यक्ति का साइबर क्राइम और डिजिटल अरेस्ट से बचाने के लिये कानपुर कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह से सजग व प्रयासरत है। सीनियर सिटीजन को साइबर अपराध से बचने के प्रति जागरुक करने के बाद पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के दिशा निर्देशन में गुरुवार को पुलिस मुख्यालय के नवीन सभागार में ‘शक्तिसंवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमेे दो सौ से अधिक महिलाओं की सहभागिता रही। पुलिस कमिश्नर की अध्यक्षता में हुये इस कार्यक्रम में शिक्षिकाएं, अधिवक्ता, चिकित्सक, मनोवैज्ञानिक, काउंसलर, सोशल वर्कर, होममेकर एवं विभिन्न सामाजिक क्षेत्रों में सक्रिय महिलाएं शामिल रहीं। पुलिस आयुक्त श्री लाल ने मौजूद प्रतिभागी महिलाओं से सीधा संवाद करते हुये उन्हें साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट होने से बचने के टिप्स दिये। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर जागरूकता प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाओं एवं युवतियों के लिए अत्यंत आवश्यक है। सतर्कता, सही जानकारी एवं समय पर शिकायत ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक करें।




























