- अपर पुलिस महानिदेशक ने कन्नौज व फतेहगढ़ के वरिष्ठ अधिकारियों को दिये जरुरी दिशा निर्देश
कानपुर। कानपुर जोन की अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कन्नौज व फतेहगढ़ का भ्रमण कर वरिष्ठ अधिकारियों को जरुरी दिशा निर्देश दिये। फतेहगढ़ भ्रमण दौरान थाना कादरीगेट क्षेत्र स्थित पांचालघाट का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। घाटों पर आमजन की सुरक्षा, पर्याप्त गोताखोरों की तैनाती तथा आवश्यक राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिये गये। इसके उपरांत रिजर्व पुलिस लाइन जनपद फतेहगढ़ स्थित सभागार कक्ष में कांवड़ यात्रा व अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं के सम्बन्ध में समीक्षा गोष्ठी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। समीक्षा गोष्ठी में डीआईजी कानपुर रेंज यमुना प्रसाद, एसपी फतेहगढ़ आरती सिंह, एसीपी कन्नौज विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
जनपद कन्नौज भ्रमण दौरान उन्होंने कोतवाली कन्नौज क्षेत्र स्थित मेहंदी घाट एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखने, आमजन की सुरक्षा, समस्त घाटों पर गोताखोरों की तैनाती तथा आवश्यक राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत कोतवाली कन्नौज एवं कोतवाली गुरसहायगंज क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पुलिस तैनाती तथा श्रद्धालुओं की सुविधा संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।



























