कानपुर क्राइम ब्रांच ने पकड़ा गया फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर
कानपुर। मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर के सहारे अपना जीवन साथी ढंूढ रहे लोगों को बेहद सावधान रहने की जरुरत है। कानपुर क्राइम ब्रांच ने ऐसे फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का खुलासा किया है जो सुंदर लड़कियों से शादी कराने के नाम पर साइबर ठगी किया करता था। ’साइबर क्राइम थाना कानपुर नगर’ ने शादी कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का पर्दाफाश करते हुए एक मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया तथा 23 टेलीकॉलर्स से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने प्रेस कांफ्रेंस में गिरफ्तार अभियुक्त रंजीश कुमार गौड़ को मीडिया के सामने पेश किया और अनावरण के बारे में जानकारी दी। पुलिस आयुक्त श्री लाल ने बताया कि गिरोह सोशल मीडिया व मैट्रिमोनियल प्लेटफॉर्म से लोगों का डेटा लेकर फर्जी महिला प्रोफाइल, एआई से संपादित फोटो एवं महिला टेलीकॉलर्स के माध्यम से विश्वास अर्जित कर विभिन्न शुल्कों के नाम पर ऑनलाइन धनराशि वसूलता था। एडीसीपी क्राइम सुश्री अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि इस मामले में दो अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन, कंप्यूटर सिस्टम, बैंकिंग दस्तावेज, एटीएम कार्ड, क्यूआर कोड सहित बड़ी मात्रा में डिजिटल एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए गए।




















