विकसित भारत-2047 के संकल्प को जनभागीदारी से मिलेगी गति- उपमुख्यमंत्री
कानपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित ‘12 वर्ष विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषयक विकास प्रदर्शनी का उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों एवं विकास प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना परियोजनाओं तथा विकास उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की। अवलोकन के दौरान उपमुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल पर आयोजित संस्कार कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए त्रिशा एवं आरव का विद्यारंभ संस्कार कराया। वहीं दर्श एवं आरोही का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया तथा करिश्मा, लक्ष्मी एवं पूजा सिंह की गोदभराई कर उन्हें शुभकामनाएं प्रदान कीं। उन्होंने मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त मातृशक्ति ही विकसित समाज की आधारशिला है।
इस अवसर पर सांसद श्री रमेश अवस्थी, विधायक श्रीमती नीलिमा कटियार, विधायक श्री महेश त्रिवेदी, विधायक श्री सुरेन्द्र मैथानी, विधायक श्रीमती सरोज कुरील, जिलाधिकारी श्री जितेन्द्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष (उत्तर) श्री अनिल दीक्षित, भाजपा जिलाध्यक्ष (दक्षिण) श्री शिवराम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) श्री उपेन्द्र पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















