-24 जुलाई को आगरा से मिनी ऑक्शन भी होगा लाइव
-टेलेंट हंट से चुने गये खिलाड़ियों को मिलेंगे दो लाख
कानपुर। पहली बार दो शहरों में आयोजित होने जा रही यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के 34 मुकाबलों का लाइव प्रसारण इस बार जियो हॉट स्टार में किया जायेगा। यूपी टी-20 लीग का पहला चरण 14 से 26 अगस्त तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। इसके बाद दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 28 अगस्त से छह सितम्बर तक खेला जायेगा। दोनों शहरों में होने वाले मुकाबलों के अलावा 24 जुलाई को आगरा के होटल ताज में होने वाले मिनी ऑक्शन का भी लाइव प्रसारण जियो हॉटस्टार में किया जायेगा।
हालांकि इसकी आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है। गौरतलब है कि यूपी लीग के पिछले सीजन का लाइव प्रसारण सोनी लिव में हुआ था, जिसमें व्यूअर्स की संख्या अधिक न मिलने के कारण इस बार बदलाव किया जा रहा है। जियो हॉटस्टार इस समय बीसीसीआई का भी आधिकारिक प्रायोजक है, जिसमें अधिकतर टूर्नामेंट का लाइव प्रसारण होता है और दर्शकों की संख्या भी करोड़ों में है। लखनऊ में सोमवार को टिकट लाँच होने के बाद अब यूपी टी-20 काउंसिल आगरा में होने वाले मिनी ऑक्शन की तैयारियों में जुट गयी है।
जिसके लिए सभी छह फ्रेंचाइजियों कानपुर सुपर स्टार, मेरठ मैवेरिक्स, नोएडा सुपर किंग्स, काशी रुद्राश, गौर गोरखपुर लायंस, लखनऊ फाल्कंस के सपोर्टिंग स्टाफ, ऑक्शन में रहने वाले खिलाड़ियों की फाइनल लिस्ट बुधवार तक फाइनल तक हो सकती है। यद्यपि टेलेंट हंट में वह सात खिलाड़ियों का चयन नहीं कर पाती है तो। वहीं सभी फ्रेंचाइजियों ने पूरे प्रदेश में लगाये अपने टेलेंट हंट से जिन खिलाड़ियों का चयन किया है, उन्हें दो लाख रुपए चौथे सीजन में खेलने को दिये जायेंगे। यदि तीसरे सीजन में कोई खिलाड़ी टेलेंट हंट से चयनित हुआ था और उसे फ्रेंचाइजी इस बार भी अपने दल में रखना चाहती है, तो उक्त खिलाड़ी को ढाई लाख रुपये दिये जायेंगे।




























