-निःशुल्क यात्रा की सौगात पर महिलाओं ने जताया प्रदेश सरकार का आभार
कानपुर। रक्षाबंधन के पर्व से पहले बुधवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) का सभागार मातृशक्ति के सम्मान और उत्सव का साक्षी बना। प्रदेश सरकार द्वारा रक्षाबंधन पर महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं-बहनों के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के शुभारंभ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री श्री राकेश सचान रहे। रक्षाबंधन के दृष्टिगत प्रदेश सरकार की बसों में माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी। रक्षाबंधन का उल्लास उस समय और बढ़ गया जब आरती श्यामा , रमाकांति, प्रीति तिवारी, दिव्या कुशवाहा, मधु, नीतू शुक्ला, श्वेता तिवारी, शिव कुमारी, प्रपाशा दीक्षित, रूपाली गौतम एवं रजनी ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान की कलाई पर राखी बांधी। मंत्री ने सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी एवं मिठाई भेंट की। कार्यक्रम में प्रतिभाग करने पहुंचीं लगभग 1100 महिलाओं को भी उपहार स्वरूप साड़ी और मिठाई प्रदान की गई। कार्यक्रम में विधायक कल्याणपुर नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य श्री अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष/प्रशासक स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह सहित परिवहन विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






























