-सांसद ने की ग्रीन पार्क स्टेडियम के ₹350 करोड़ की परियोजना की प्रगति की समीक्षा
-एनसीसी से ग्रीन पार्क की जमीन वापस ली जायेगी, पंच सितारा होटल बनाने की योजना
कानपुर। विश्व प्रसिद्व ग्रीन पार्क स्टेडियम के दिन जल्द बहुरने वाले हैं। ग्रीन पार्क स्टेडियम मे रिनोवेशन के लिये शासन ने 350 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। सांसद रमेश अवस्थी ने सांसद सेवा केंद्र में ग्रीन पार्क स्टेडियम के उच्चीकरण एवं आधुनिकीकरण के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत ₹350 करोड़ की परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए शीघ्र डीपीआर तैयार कर प्रेषित करने तथा निर्माण कार्य समयबद्ध रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए, जिससे कानपुर को आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं प्राप्त हो सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी आलोक गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (वित्त) विवेक चतुर्वेदी, ग्रीन पार्क स्टेडियम के ओएसडी करमबीर सिंह, लोक निर्माण विभाग से राहत सिंह, एचबीटीयू से विकास यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उम्मीद है कि यूपी टी-20 टूर्नामेंट के बाद ग्रीन पार्क स्टेडियम के जीर्वोद्वार का कार्य इस साल नवबंर माह में प्रारंभ हो जायेगा।




























