- मातृ शक्ति की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता अभियान
- महिला सुरक्षा पुलिस ही नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी
कानपुर। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कानपुर में कमिश्नरेट पुलिस ने ‘फियरलेस नाइट वॉक’ का आयोजन किया। कमिश्नरेट पुलिस ने महानगर के मोतीझील के सिंह द्वार, से मिशन निडर के तहत ‘फियरलेस नाइट वॉक’ जागरूकता रैली का आयोजन किया था। जागरूकता रैली का नेतृत्व नोडल/अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध स्नेहा तिवारी ने किया। रैली में भारी संख्या में महिला, युवतियों व छात्राओं ने भागेदारी की। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त छावनी डॉ प्रियंका बाजपेई एवं सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर सुश्री ज्योतिश्री सहित पुलिस कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कानपुर नगर में महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के लिए अभियान चलाने वाली शिखा शुक्ला सहित 100 से अधिक महिलाओं, बालिकाओं एवं छात्राओं ने रैली में सहभागिता की। रैली का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा सार्वजनिक स्थानों पर निर्भीक होकर आवागमन की भावना को प्रोत्साहित करना था। रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिला सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सामूहिक जिम्मेदारी है। ‘‘सुरक्षित रात, सशक्त समाज की शुरुआत” का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की शपथ दिलाई गई। साथ ही महिला सुरक्षा के प्रति जनसहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
























