- परमट वाले बाबा के दरबार में दर्शन को उमड़ी शिव भक्तों की भीड़,
कानपुर। आनंद बिल्डर्स परिवार की ओर से परमट स्थित प्रसिद्ध बाबा आनंदेश्वर मंदिर में किये गये अलौकिक और भव्य श्रृंगार में दर्शन करने को शिव भक्तों की भीड़ उमड़ी। रंग-बिरंगे फूलों, रुद्राक्ष और मोतियों की मालाओं से सजे बाबा आनंदेश्वर के दिव्य रूप के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे। विशेष पूजन के बाद मंदिर के पुजारियों ने बाबा की महाआरती उतारी और भोग अर्पित किया। बाबा आनंदेश्वर के शिवलिंग और पूरे गर्भगृह को दुर्लभ और रंग-बिरंगे फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। इसमें पीले और नारंगी गेंदे के साथ-साथ नीले रंग के अपराजिता के फूल, गुलाबी कमल और सफेद मोगरे-चमेली की पंखुड़ियों की सुंदर चक्राकार परतें बनाई गईं। इन देशी-विदेशी फूलों की खुशबू से पूरा मंदिर परिसर महक उठा। श्रृंगार के दौरान बाबा के पवित्र शिवलिंग पर चंदन का विशेष लेपन किया गया। इसके बाद सफेद मोतियों और मखानों के दानों का उपयोग करके शिवलिंग पर बेहद बारीक और सुंदर कलाकृति उकेरी गई। शिवलिंग के चारों ओर रुद्राक्ष की पवित्र मालाएं और मखानों की गोलाकार मालाएं विशेष रूप से पहनाई गईं, जो बाबा के रूप में चार चांद लगा रही थीं। शिवलिंग के दोनों ओर रखे चांदी के विशेष कलश और शिखर रूपी पात्र बाबा के इस भव्य श्रृंगार को और अधिक अलौकिक बना रहे थे। पूजन और भव्य श्रृंगार संपन्न होने के बाद मंदिर बाबा आनंदेश्वर को विशेष भोग अर्पित किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और शंखध्वनि के बीच बाबा की भव्य महाआरती की गई। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय बाबा आनंदेश्वर’ के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विश्वनाथ गुप्ता, आनंद गुप्ता, आनंदवीर सिंह और विवेक गुप्ता समेत शहर के गणमान्य नागरिक व प्रमुख उद्यमी मौजूद थे।
























