- यूसीएल के आयोजन का उद्देश्य क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना
कानपुर। कारापोरेट क्रिकेट को नई पहचान देने के लिये अगले महीने से प्रारंभ होने वाली यूनाइटेड चौंपियन लीग (यूसीएल) में ईनामों की बौछार होगी। आयोजकों के अनुसार यूनाइटेड चौंपियंस लीग का उद्देश्य क्रिकेट प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों में खेल भावना, टीमवर्क और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना है। यूसीएल सीजन-2 में कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें दो समूहों में विभाजित किया गया है। ग्रुप-1 में जेबीके, ऑरेंज आर्मी, वॉक्सेल वैलियंट्स, पिच रेडर्स और स्कोरिंग विलोज शामिल हैं। वहीं ग्रुप-2 में एस्पिरिस, नाइट स्कॉर्चर्स, वी वॉरियर्स, फ्रेंड्स और ए टीम को रखा गया है। प्रतियोगिता के लीग चरण में प्रत्येक टीम अपने समूह की अन्य टीमों के साथ दो-दो मुकाबले खेलेगी, जबकि दूसरे समूह की प्रत्येक टीम के साथ एक मुकाबला होगा। इस प्रारूप के तहत प्रत्येक टीम 13 लीग मैच खेलेगी और लीग चरण में कुल 65 मुकाबले होंगे। लीग चरण के बाद आठ टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। इसके बाद चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी और सेमीफाइनल के विजेता फाइनल में यूसीएल सीजन-2 की ट्रॉफी के लिए आमने-सामने होंगे।
























