Google search engine

-आईजीआरएस में सुधार, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश
-योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाईं जायें-जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर

कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पदभार संभालने के बाद सोमवार को विकास भवन में पहली बार विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस की रैंकिंग में सुधार के लिये विभागों में डेडिकेटेड स्टाफ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों एवं विभागीय स्तर पर लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी कार्यालयों में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी आसानी से प्राप्त हो सके और पात्र लाभार्थी बिना किसी असुविधा के योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
समाज कल्याण विभाग के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारी एवं कर्मचारियों के एक साथ बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और आमजन से संबंधित प्रकरणों का प्रभावी ढंग से निस्तारण किया जा सके। जिलाधिकारी श्री तंवर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए विभागीय अधिकारी नियमित रूप से योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री अभिनव जे. जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here