- सुरक्षा के कड़े प्रबध, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
कानपुर। सावन के पहले सोमवार पर परमट स्थित बाबा आनंदेश्वर मंदिर समेत अन्य प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूरे मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंजते रहे। भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास पुलिस बल तैनात रहा। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग समेत आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। शिव मंदिरोें में भारी पुलिस बल के साथ ही पीएसी भी लगाई गई है। साथ ही ड्रोन व हाई टेक सीसीटीवी कैमरों से भी हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। शिव भक्तों की सुविधा व सुरक्षा के लिये हर संभव उपाय कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने किये हैं।
श्रावन माह के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताड़ा ने परमट स्थित श्री बाबा आनंदेश्वर मंदिर, सरसैया घाट एवं सिद्धनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम दर्शन व्यवस्था, यातायात संचालन, भीड़ प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसी तरह सभी जोन के डीसीपी व एडीसीपी ने रात से ही अपने-अपने जोन के शिवालयों का निरीक्षण करना शुरु कर दिया था।




























