- साइबर पुलिस स्टेशन का नवीनीकरण, अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित
-विशेष टेक्निकल सेल एवं उन्नत सॉफ्टवेयर से सुसज्जित है साइबर थाना
कानपुर। सावन मास में शहरवासियों को कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने एक नई सौगात दी। सावन के सोमवार के दूसरे दिन साइबर पुलिस स्टेशन करेल बाजार से सिविल लाइंस, वीआईपी रोड पर नवनिर्मित बिल्ंिडग में स्थानांतरित कर दिया गया है। नवीनीकरण के बाद साइबर पुलिस स्टेशन विशेष टेक्निकल सेल एवं उन्नत सॉफ्टवेयर से सुसज्जित है। इसके साथ ही नवीन साइबर पुलिस स्टेशन में बंदी गृह को बनाया गया है। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा तथा अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा ने नवनिर्मित साइबर थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने नवीन साइबर थाने में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों, आधारभूत सुविधाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
एडीसीपी (क्राइम) अंजलि विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल वित्तीय अपराध सहित सभी साइबर मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी। एडीसीपी (क्राइम) श्रीमती विश्वकर्मा ने बताया कि बढ़ते साइबर अपराधों की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए साइबर थाने को नवीनतम तकनीक एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं से विकसित किया गया है। नए साइबर थाने में सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर), प्रभारी निरीक्षक साइबर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात रहेंगे, जिससे साइबर अपराधों के विरुद्ध कार्रवाई की गति और गुणवत्ता दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।




























