- टीएसएच की ईडब्लयूएस योजना में बिना शुल्क वर्ल्ड क्लास खेल सुविधायें और बेहतर प्रशिक्षण
कानपुर। प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर में महंगी फीस और क्लबों का खर्च अब आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की खेल प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं रहा। द स्पोर्ट्स हब (टीएसएच) की ईडब्ल्यूएस योजना ऐसे खिलाड़ियों को बिना फीस वर्ल्ड क्लास सुविधाओं और बेहतर कोचिंग का मौका दे रही है। अंतर्राष्ट्रीय खेल सुविधाओं से युक्त टीएसएच में प्रतिभावान खिलाड़ी इसी फैसलिटी के दम पर जिला स्तर से स्टेट और नेशनल स्तर तक पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।
टीएसएच में ईडब्ल्यूएस के नौवें बैच के लिए 138 बच्चों का ट्रायल-
नगर निगम और स्मार्ट सिटी के सहयोग से आर्यनगर स्थित टीएसएच (द स्पोर्ट्स हब) में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) वर्ग के बच्चों के लिए चल रही स्पोर्ट्स प्रमोशन स्कॉलरशिप/सब्सिडी योजना के नौवें बैच के लिए शुक्रवार को चयन ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में कुल 138 बच्चों ने हिस्सा लिया। ट्रायल में अभ्यर्थियों का पहले पांच-पांच के समूह में शारीरिक फिटनेस और एप्टीट्यूड टेस्ट कराया गया। इसके बाद संबंधित खेलों के अनुसार व्यक्तिगत खेल कौशल का परीक्षण किया गया। चयन प्रक्रिया दोपहर करीब एक बजे तक चली।आयोजन समिति के अनुसार, योजना के तहत अब तक आठ बैचों में 1962 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। नौवां बैच 24 अगस्त से शुरू होगा। इस बार 720 फॉर्म वितरित किए गए थे, जिनमें से 232 आवेदन प्राप्त हुए। नगर निगम द्वारा गठित चयन समिति ने 156 फॉर्म स्वीकृत किए, जिसमें से 138 बच्चों ने ट्रायल में हिस्सा लिया।





























