मोहर्रम की तैयारियां समय से पहले होंगी पूरी, बक्शे नहीं जायेंगे अफवाह फैलाने वाले
कानपुर। हर धार्मिक त्योहार की तरह मोहर्रम को भी शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने कमर कस ली है। शनिवार को पुलिस सभागार में पुलिस आयुक्त श्री रघुवीर लाल की अध्यक्षता में प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आयोजन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक का उद्देश्य ही आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना था। बैठक में शहर काजी, मोहर्रम आयोजन समितियों के सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक में पुलिस आयुक्त श्री ने कहा कि कानपुर नगर ने प्रत्येक धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन में आपसी भाईचारे, सौहार्द और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। इसी भावना और जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न कराया जाएगा। सभी आयोजकों, स्वयंसेवकों एवं नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना अथवा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले अपुष्ट संदेशों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें। सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। सेंट्रल कंट्रोल रूम के माध्यम से पूरे आयोजन की सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित समस्याओं का सर्वेक्षण कर समय से उनका निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि थाना एवं सर्किल स्तर पर अलग-अलग बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान किया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जुलूसों को यथासंभव परंपरागत मार्गों से ही निकाला जाएगा तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ करने अथवा निर्धारित नियमों के उल्लंघन की अनुमति नहीं होगी।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि पैगी जुलूस से संबंधित प्रकरण माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में यथास्थिति बनाए रखी जाएगी। न्यायालय का स्पष्ट निर्णय प्राप्त होने तक पैगी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही नई उम्र के युवाओं को समझायें कि वे सड़कों पर स्टंटबाजी एवं खतरनाक प्रदर्शन न करें तथा यातायात एवं कानून व्यवस्था का पालन करें।
















