- ग्रीनपार्क के कायाकल्प से पहले ‘फेयरवेल मैच’ फिर शुरू होगा मेगा रेनोवेशन
कानपुर। कानपुर की क्रिकेट पहचान कहे जाने वाले ऐतिहासिक ग्रीनपार्क स्टेडियम में रविवार छह सितंबर की शाम कुछ ऐसा होने जा रहा है, जिसे शहर के खेलप्रेमी लंबे समय तक याद रखेंगे। करीब आठ दशक के क्रिकेट इतिहास को अपने सीने में समेटे ग्रीनपार्क रेनोवेशन से पहले एक भव्य टी-15 मुकाबले के जरिए अपने पुराने स्वरूप को विदाई देगा। ग्रीनपार्क के कायाकल्प से पहले ‘फेयरवेल मैच’ फिर शुरू होगा मेगा रेनोवेशन। इस गरिमापूर्ण व भावनात्मक महा आयोजन को लेकर ‘डॉल्फिन न्यूज़’ ने सांसद रमेश अवस्थी ने खास बातचीत की। जिसमें उन्होंने कहा कि यह मुकाबला महज एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि पुराने ग्रीनपार्क को दिया जा रहा एक तरह का ‘ट्रिब्यूट’ है। मुकाबले के बाद स्टेडियम को बड़े पैमाने पर पुनर्विकास के लिए बंद किए जाने की तैयारी है। इसलिए छह सितंबर का मुकाबला सिर्फ सांसद एकादश और कानपुर एकादश के बीच टी15 नहीं होगा। यह उस ग्रीनपार्क को विदाई देने का मौका भी होगा, जिसने दशकों तक कानपुर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के नक्शे पर पहचान दिलाई। एक तरफ मैदान पर युसुफ पठान बनाम अंकित राजपूत की कप्तानी का रोमांच होगा, तो दूसरी तरफ दर्शकों के सामने ग्रीनपार्क के पुराने दौर की आखिरी बड़ी क्रिकेट शाम होगी।
इसके बाद करीब दो साल का इंतजार शुरू होगा और उम्मीद होगी कि जब ग्रीनपार्क फिर खुले तो वह सिर्फ बदला हुआ नहीं, बल्कि 55 हजार दर्शकों की क्षमता वाला, आधुनिक सुविधाओं से लैस और कानपुर के क्रिकेट गौरव का नया अध्याय बनकर सामने आए।






























