श्री रामलीला सोसाइटी परेड कानपुर इस साल मना रही है ‘150वां सूस्वर्णिम वर्ष’
150वां सूस्वर्णिम वर्ष पर होंगे विभिन्न कार्यक्रम, मंत्रमुग्ध करेंगी सवारी की झांकियां
कानपुर। श्री रामलीला सोसाइटी परेड कानपुर के इस साल ‘150 सूस्वर्णिम वर्ष’ पूरे होने के अवसर पर विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रमों का प्रारम्भ पूज्यपाद दीदी मां मन्दाकिनी के द्वारा श्रीराम कथा के साथ होगा, जोकि 29 सितंबर से सात अक्टूबर तक शाम सात बजे से मर्चेन्ट चेम्बर सभागार होगी। यह जानकारी श्री रामलीला सोसाइटी परेड कानपुर के अध्यक्ष डॉ महेंद्र मोहन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गर्ग व मंत्री आलोक अग्रवाल और अन्य पदाधिकारियों ने प्रेस वार्ता में दी। अध्यक्ष डॉ महेंद्र मोहन ने बताया कि 10 अक्टूबर को श्री रामलीला भवन में मुकुट पुजन से रामलीला के आयोजनों का प्रारम्भ होगा, जिसमें प्रतिवर्ष की भांति प्रभु श्रीराम जी की शोभा यात्रा अपने पूर्व निर्धारित मागों से प्रतिदिन रामलीला भवन से श्री रामलीला ग्राउण्ड परेड पहुंचेगी। जहां प्रभु श्रीराम जी विभिन्न लीलाओं का सुन्दर, सजीव मंचन मथुरा के सुप्रसिद्ध श्री महेश दत्त चतुर्वेदी (व्यास जी) के निर्देशन में उनकी मण्डली द्वारा होगा। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजीव गर्ग ने कहा कि 13 अक्टूबर को श्रीराम बारात श्रीराम विवाह का मुख्य आर्कषण शोभा यात्रा व लीला स्थल पर भी कानपुर के समस्त रामभक्तों को देखने को मिलेगा। मंत्री आलोक अग्रवाल ने बताया कि 17 से 20 अक्टूबर विजया दशमी पर्व (दशहरा) तक चारो दिन भव्य आतिशबाजी जयपुर के सुप्रसिद्ध आतिशबाजों द्वारा आकाशीय ग्रीन आतिशबाजी, लेजर शो व पुतला दहन भी परम्परानुसार किया जाएगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस साल आतिशबाजी और भी भव्य होगी, इसमें कई फिचर्स जोड़े गये हैं।





























