-फैमिली कोर्टों में 15 हजार से अधिक पारिवारिक वाद विचाराधीन, अधिकांश तलाक से जुड़े
कानपुर। कार्डियोलॉजी हास्पिटल कैंपस में स्थित वन स्टॉप सेंटर में राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल पर स्थापित ‘तेरे मेरे सपने’ प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर पर जिन युवक-युवतियों का विवाह तय हो चुका है अथवा जो विवाह करने जा रहे हैं, वे काउंसलिंग कराकर सफल वैवाहिक जीवन से जुड़ी जिम्मेदारियों और चुनौतियों के संबंध में विशेषज्ञ मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे। हाल के वर्षों में विवाह के शुरुआती दौर में ही पति-पत्नी के बीच मतभेद और अलगाव के मामले सामने आ रहे हैं। पारिवारिक विवादों की बढ़ती संख्या भी विवाह पूर्व संवाद और परामर्श की आवश्यकता को रेखांकित करती है। जनपद की फैमिली कोर्टों में वर्तमान में 15 हजार से अधिक पारिवारिक वाद विचाराधीन हैं। इनमें अधिकांश मामले वैवाहिक विवाद और तलाक से संबंधित हैं। ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र के माध्यम से भावी युगलों को विवाह से जुड़ी वास्तविक जिम्मेदारियों और संभावित चुनौतियों के प्रति पहले से जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। संेटर की निदेशक दीशा अरोड़ा ने बताया कि काउंसलिंग का उद्देश्य किसी रिश्ते के संबंध में निर्णय देना नहीं, बल्कि भावी दंपती को समझदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ वैवाहिक जीवन प्रारंभ करने के लिए तैयार करना है। राष्ट्रीय महिला आयोग की यह पहल वैवाहिक विवाद उत्पन्न होने के बाद समाधान तलाशने के बजाय विवाह से पहले ही युवक-युवतियों को संवाद, सामंजस्य और जिम्मेदारियों की समझ देने पर केंद्रित है।




























