-पहली बारिश में ही जलमग्न हो गया था कानपुर महानगर
-जलभराव का कारण जानने के लिये महापौर ने किया निरीक्षण
-अधिकारियों को लगाई फटकार, कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कानपुर। महापौर प्रमिला पांडेय ने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, महाप्रबन्धक जलकल आनन्द कुमार त्रिपाठी व पार्षदो के साथ लगातार हो रही बारिश से शहर में हो रहे जलभराव के दृष्टिगत वीआईपी रोड स्थित सीसामऊ नाला, सीसामऊ नाले पर नयी बनी दीवार के गिरने के स्थल एवं बकरमण्डी में निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर को नाला सफाई में कई स्थानों पर कमियां मिलीं। निरीक्षण के दौरान महापौर ने टैफ्को क्षेत्र में नाले पर अवैध कब्जे पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अवैध अतिक्रमण के कारण जल निकासी बाधित हो रही है, जिससे शहरवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस मामले में उन्होंने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए नाराजगी व्यक्त की। महापौर प्रमिला पांडेय ने पुनः जलभराव न हो इसकी कमियॉ दूर किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि नालों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महापौर ने बताया कि वह मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर शहर की समस्याओं के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करेंगी।

























