प्रदेश की राजधानी लखनऊ और प्रदेश की औद्योगिक राजधानी कानपुर में होंगे मुकाबले
कानपुर। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसियेशन (यूपीसीए) की गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद आज यूपी टी-20 सीजन-4 के आयोेजन की अधिकारिक घोषणा की दी गई। इस बाबत ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजकों ने प्रेस कांफ्रंेस में बताया कि पूर्व निर्धारित तिथियों के अनुसार क्रिकेट का प्रतिष्ठित आयोजन अगले महीने की 14 तारीख से छह सितंबर तक लखनऊ और कानपुर में सयंुक्त रुप से आयोजित होगा। यूपी टी-20 के मुखिया डॉ संजय कपूर ने बताया कि 24 दिवसीय इस टूर्नामेंट में कुल 34 मैच होंगे। उन्होंनेे बताया कि लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 13 दिनों में कुल 22 मैच खेले जायेंगे जबकि कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में 11 दिनों में 12 मुकाबले होंगे। उद्घाटन 14 अगस्त को इकाना स्टेडियम में और समापन व पुरस्कार वितरण समारोह छह सितंबर को ग्रीन पार्क स्टेडियम में प्रस्तावित है। पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के ब्रांड एम्बेस्डर होंगे। प्रेस कांफ्रेंस में यूपीसीए के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव सिंह भी मौजूद रहे।

























