Google search engine

-कानपुर के 11,484 शिक्षक व शिक्षाकर्मिकों को मिलेगा पांच लाख तक कैशलेस इलाज

कानपुर। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के शुभारंभ के साथ कानपुर नगर के 11,484 शिक्षक एवं शिक्षा कार्मिकों और उनके आश्रितों को ₹5 लाख तक कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना से जनपद के 5,936 शिक्षक, 1,968 शिक्षामित्र, 122 अनुदेशक, 20 विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन) तथा 3,438 रसोइये लाभान्वित होंगे। बुधवार को मर्चेंट चेंबर हॉल में आयोजित जनपद स्तरीय कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने शिक्षकों को योजना के कार्ड वितरित किए। इससे पूर्व वाराणसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। मर्चेंट चेंबर के साथ बिल्हौर, घाटमपुर और नरवल तहसील में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित कर कार्ड वितरित किए गए। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील है। लंबे समय से शिक्षकों की मांग रही कैशलेस चिकित्सा योजना को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साकार किया है। कार्यक्रम में प्रदेश के लगभग 1.10 करोड़ परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री हेतु प्रति छात्र 1,200 की धनराशि डीबीटी के माध्यम से जारी की गई। इसके लिए 1,300 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक महेश त्रिवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इस अवसर पर एडी बेसिक शिवेंद्र प्रताप सिंह, डीआईओएस प्रवीण कुमार तिवारी, एडीआईओएस प्रशांत कुमार द्विवेदी, बीएसए हरिओम सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Google search engine

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here