- क्रिकेट के महाउत्सव की ग्रीन पार्क स्टेडियम में तैयारियां युद्वस्तर
- ग्रीन पार्क में 28 अगस्त से छह सितंबर तक खेले जायेंगे 12 मैच
कानपुर। एतिहासिक ग्रीन पार्क स्टेडियम में बहुप्रतिक्षित यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की तैयारियों को पंख लग गये है। यहां पर 28 अगस्त से छह सितंबर तक यूपी टी-20 के फाइनल समेत कुल 12 मैच खेले जायेंगे और पुरस्कार वितरण भी यही होगा। स्टेडियम के भीतर और बाहर तैयारियां जोरों पर हैं। केस्को ने सुरक्षा के मद्देनजर स्टेडियम के बाहर पेड़ों की छटाई आदि करने के साथ ही लटकते तारों को चुस्त-दुरुस्त कर दिया है। सभी इंक्लोज़र के इंट्री पाइंट पर बैरी कैटिंग का पूरा कर लिया गया है। दर्शकों के उत्साह को देखते हुये मजबूत बैरी कैटिंग की गई है। अस्थाई बॉक्स ऑफिस पर टिकटों की बिक्री जारी है। स्टेडियम के भीतर भी सभी तैयारियों को समय सीमा में पूरा कर लेने के लिये हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। पिछले दिनों कानपुर मंडल के आयुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने एक महत्वपूर्ण बैठक करके सभी एजेंसियों को यूपी टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट की सभी तैयारियों को समय से पूरा करने के निर्देश दिये थे। इसके बाद सभी सरकारी एजेंसियों से तैयारियों की गति तेज कर दी है। ग्रीन पार्क में आगामी क्रिकेट जश्न की तैयारियों का माहौल अपने पूरे शबाब पर है।






























